Wednesday, March 31, 2010

कोई सपनों के
दीप जलाये ...

एक गाना है. कहीं दूर जब दिन ढल जाये, सांझ की दुल्हन बदन चुराये, चुपके से आये. मेरे ख्यालों के आंगन में कोई सपनों के दीप जलाये. इस गाने को कई बार आपने भी सुना होगा. मैंने भी कई बार सुना. पर एक दिन इस गाने के बोलों के साथ एक खयाल भी मन में आया कि वाकई हमारे और आपके मन का सूर्य जब ढलने लगता है, मन बुरी तरह से हताश और निराश सा हो जाता है तो कोई तो एक ऐसा है जो आकर हमारे और आपके मन में सपनों के दीये जला जाता है. आखिर वह है कौन? मन ने मन से ही सवाल पूछ दिया. कई दिनों की जद्दोजेहद और कई रातों की उधेड़बुन के बाद मन से जवाब भी मिला. जवाब था हताशा और निराशा की घड़ी में सपनों के दीप जलाने का काम कोई और नहीं हमारा मालिक करता है. कहते है कि ऐसी घड़ी में मालिक ही मन को कुंठा से उबारने का काम करता है. यहां मालिक से मेरा तात्पर्य आपके अपने इष्टï या गुरू से है. गुरू से सर्वोपरी इस दुनियां में कोई हुआ ही नहीं. गुरू की स्तुति के बगैर किसी भी तरह की आराधना या इबादत का कोई मतलब ही नहीं है. किसी ने सवाल खड़ा किया कि ऐसा क्यों ? इस पर जवाब आया कि गुरू में वह ईश्वरीय तत्व मौजूद है जो शिष्य को ईश्वर के घर की दहलीज तक पहुंचाने का काम करता है. फर्श से अर्शे आजम तक की सैर कराता है. अब शायद आप पूछ बैठें कि ईश्वर की पहचान हो तो कैसे हो? क्योंकि जब किसी ने उन्हें देखा ही नहीं तो हम उन्हें पहचानेंगे कैसे? इसका जवाब भी स्वयं गुरू है. यानि हमें गुरू में ही अपने ईश्वर या इष्टï का दर्शन करना चाहिए.
अब सबसे बड़ा सवाल है कि ईश्वर को देखा कैसे जाये? ईश्वर कोई दृश्यमान तो हैं नहीं. वह तो महसूस करने की एक ऐसी अनुभूती का नाम है जिसका वर्णन कभी किया ही नहीं जा सकता. दरअसल अल्लाह या भगवान हैं क्या? एक बार मैंने भी अपने आराध्य से यह सवाल पूछने की हिमाकत कर दी थी. सवाल बड़ा गहरा था. उस समय तो उन्होंने कुछ कहा नहीं, लेकिन एक लम्बी मुद्दत गुजरने के बाद एक दिन उन्होंने किसी और के श्रीमुख से मुझे उसका जवाब दिलवाया. देखिये जवाब भी मिला तो कितना वजनदार. कहा जब देवत्व के सारे गुण किसी एक मरकज में जमा मिले वही अल्लाह है वही भगवान है. जाहिर है कि वह और कोई नहीं, खुद हमारा गुरू ही होगा. गुरू से यहां मेरा मतलब किसी स्कूल या कक्षा में पढ़ाने वाले अध्यापक से नहीं है. यहां मेरा मतलब हमारी भावनाओं, हमारे तमाम स्नायु तंत्रों को नियंत्रित करने वाले हमारे आध्यात्मिक गुरू से है. गुरू से मेरा आशय उस हस्ती से है जो हमारे ध्यान का आधार है, जिसके श्रीचरण हमारी पूजा का अवलम्ब है, जिसके वचन हमारे जप-जिक्र हैं और जिसका फैज हमारे मोक्ष का द्वार है.
कहते हैं कि जब भी पूजा के लिए बैठा जाए तो सबसे पहले अपने गुरू की तस्वीर को खयाल में बांधा जाना चाहिए. या फिर यूं कहूं कि गुरू का तसव्वुर करना चाहिए. इतना ही नहीं गुरू के श्रीचरणों को ही अपनी पूजा का आधार बनाया जाना सर्वोत्तम होता है. शायद कहने की जरूरत नहीं है कि सदगुरू के वचन हमेशा सुभाषित होते हैं. इस लिए हमें उन्हें ही अपने जप-जिक्र का मूल बनाया जाना चाहिए. यकीन मानिये अगर हमनें इतना कर लिया तो गुरू का आशीर्वाद मिलना भी सुनिश्चित है. ऐसे में उनसे मिलने वाला फैज यानी आशीर्वाद ही हमारे मोक्ष का कारक बनेगा. गुरू की शान का बखान सुनना या पढऩा हो तो सूफी दर्शन का अध्ययन किया जाना चाहिए. सूफी वातायन पीर यानी गुरू को अल्लाह या खुदा से भी बढ़ कर मानता है. इस मत का मानना है कि किसी सदगुरू या बड़े पीर-फकीर के दुनिया में आमद होने की मुनादी एक सदी पहले से ही पीटी जाने लगती है. हजरत बड़े पीर दस्तगीर हजरत शेख अब्दुल कादिर जिलानी जिनका नाम स्मरण किये जाने मात्र से हमारा सिर बसजू अदब से झुक जाता है, के पैदाइश की खबर दुनिया में एक सदी से भी पहले लोगों को हो गयी थी. इतना ही नहीं उनके करामातों का भी लोगों को इलहाम हो गया था.
जिस तरह से दिन के बाद रात होना और रात ढलने के बाद नये शफकत के साथ आफताब यानी सूर्य का दीदार होना तयशुदा है उसी तरह हमारे जीवन में सुख के बाद दुख और दुख के बाद सुख का आना एक हकीकत है. सुख की घड़ी में हम अपने ईश्वर का कभी स्मरण नहीं करते, पर संकट के लमहों में सिर्फ उसी को ध्याते हैं. होना यह चाहिए कि अच्छे दिनों की शुरूआत के साथ ही हमारे दिल में एक खौफ बैठ जाना चाहिए. यह खौफ सुख के बाद निश्चित रूप से आने वाले दुख देने वाले लमहों को लेकर होना चाहिए. उस वक्त हम मदद की गुहार लेकर अपने पास आने वाले लोगों को दुत्कारते हैं. उन्हें तरह-तरह की जली-कटी सुनाते हैं और खुद के बनाये ख्वाबों खयालों में डूबे रहते हैं. हम भूल जाते हैं कि अच्छे दिनों के ये लमहात एक मुकर्रर वक्त तक ही हमारे पास रहेंगे. इसके बाद वे अपना दूसरा ठिकाना ढूंढ़ लेंगे. फिर शुरू होगा गर्दिश का दौर. इस दौर का कोई वक्त मुकर्रर नहीं होता. कहते हैं कि अगर हमने अपने अच्छे वक्त में ठीक-ठाक काम किया हो तो इस काल को भी एक दायरे में बांधा जा सकता है या फिर गर्दिश की तपिश को कम किया जा सकता है. पर अच्छे वक्त के गुरूर में डूबा मनुष्य यह सब उस समय कहां सोच पाता है. उसे उस वक्त दुनिया अपनी मुठ्ठïी में और सारा देवत्व अपनी जेब में दिखायी पड़ता है. लेकिन मालिक की लीला भी अपरम्पार है. उसे आज तक कोई समझ नहीं सका. एक दिन मुठ्ठïी से रेत की मानिंद दुनिया खिसक जाती है और जेब की छेद से सारा देवत्व निकल जाता है. ऐसी घड़ी में मनुष्य को ईश्वर की बेतरह याद आती है. संकट से उबारने के लिए वह उन्हें पुकारता है. फिर से अच्छे दिनों को देने की गुजारिश करता है. न मिलने पर वह इसके लिए ईश्वर को दोषी ठहराता है और उन्हें कोसता है. वह अपने तमाम गुनाहों और कुकर्मो को भूल जाता है जो उससे अच्छे वक्त में जाने-अनजाने में हुए रहते हैं.
संकट के इस दौर में अगर मनुष्य को किसी सदगुरू की पनाह मिल गयी तो दिक्कतों की इस घड़ी को आसानी से काटा जा सकता है. मुश्किलातों के इस दौर को झेलना तो छोडिय़े इसके बारे में कुछ बयान कर पाना भी आसान नहीं है. कहते हैं जाके पैर न फटे बिवाइन, ऊ का जाने पीर पराई. यानी जिसके पैर में बिवाइन न फटी हो वह उस दर्द का अहसास कैसे कर सकता है. कहने का मुद्दा-ए-आलिया यह है कि परेशानियों से भरे इस दौर को हम अपने सदगुरू की कृपा से आसान बना सकते हैं. इसके लिए जरूरी है कि हमें एक सदगुरू मिले. अब आप शायद पूछें कि दुनिया में इतनी सारी तकलीफें क्यों है? दुख क्यों है? ऐसा ही एक सवाल भगवान गौतम बुद्ध से उनके एक शिष्य ने एक दिन पूछ लिया था. उसने पूछा कि हे तथागत! आप यह बतायें कि संसार में इतना असंतोष क्यों है? बहुत देर तक भगवान को भी इसका जवाब न सूझा, पर उन्होंने कदाचित सोच-विचार के बाद कहा कि भिक्षु! इसकी एक और अकेली वजह है तुलना. गौर करो मनुष्य हर घड़ी हर लमहा दूसरों से अपनी तुलना करता है. अपनी जरा सी कमी को वह बर्दाश्त नहीं करता. ऐसे में वह दिन रात ईष्र्या की आग में जलता है. दूसरों के लिए तमाम तरह के राग द्वेष पालता है. और यह राग द्वेष ही असंतोष का मूल है.
कितना माकूल जवाब था. हजारों साल बाद आज भी वह प्रासंगिक है. दरअसल आज लोगों में लोच (इलेस्टिीसिटी) नहीं है. आज लोग किसी भी कीमत पर किसी के भी आगे झुकना नहीं चाहते. बच्चे मां-बाप के आगे झुकना नहीं चाहते, पति-पत्नी एक दूसरे से दबना नहीं चाहते. कैसी अजीब विडम्बना है कि हमारे षोडष संस्कारों में भी खुद को मिट्टïी बना लेने या अपने अहंकार को खत्म कर लेने की बात कही गयी है, पर आज इसे मानता कौन है. अब आप देखिये कि वैवाहिक संस्कार के वक्त एक रस्म होती है, जिसे जयमाल कहते हैं. इस दौरान आपने देखा होगा कि जयमाल पहनने के लिए पहले वर वधू के सामने झुकता है. आखिर इसकी वजह क्या है?
गुजरे जमाने की बात है. एक दिन हमारे श्रद्धेय किसी की शादी में गये. लौट कर आने के बाद साथ गये अपने खादिम से उन्होंने पूछ ही लिया, का हो दीक्षित जी उहां का देखला? सबसे अच्छा का लगल? पुराना साथ होने की वजह से खादिम दोस्त जैसा हो गया था. उन्हें अव्वल तो कोई जवाब नहीं सूझा. सूझा भी तो लगा कि इन्हें रास नहीं आयेगा. सो कह बैठा, यार पहेलियां न बुझाओ, जो कहना है साफ- साफ कह डालो. तुम जुल्फें लहराते हो दुनिया का कलेजा मुंह को आता है. जानते हैं इस सवाल का जवाब उन्होंने क्या दिया. गुरूवर ने कहा, पंडित जी विवाह की सबसे अच्छी रस्म थी जयमाल. इसमें भी आपने देखा होगा कि सेहरा बांधा हुआ दूल्हा जयमाल पहनने के लिए दुल्हन के आगे पहले झुका. महाराज, इस रस्म में हमें यह बताया गया है कि दुल्हा दुल्हन के आगे इस लिए झुकता है, क्योंकि शक्ति के आगे ब्रह्मï झुका है. स्त्री शक्ति का पर्याय है और पुरूष ब्रह्मï का. विवाह दोनों के संयोग की घड़ी है. ऐसी पावन बेला में सवाल दोनों में किसके ज्यादे सामथ्र्यवान होने का नहीं है. सवाल दोनों के एक दूसरे के प्रति समर्पण या दोनों के व्यक्तित्व के लोच का होता है. वैसे भी पंडित जी स्त्री की शक्ति को भगवान भी पूजता है. सो पत्नी के रूप में स्वीकारने के पहले पुरूष स्त्री के आगे झुकता है. गुरूवर पूरी सुराही उडेल रहे थे और दीक्षित जी मदमस्त शराबी की तरह छक कर पी रहे थे. जाहिर है माहौल अपने शबाब पर था, पर अदब भी अंगद के पांव की तरह अपनी जगह अडिग था. गुरूवर बोलते चले जा रहे थे. पंडित जी, शादी के बाद बेटी की बिदाई के रस्म में भी गहरा रहस्य छिपा है. इस रस्म के साथ बेटी को फकीरी का पहला पाठ पढ़ाया गया है. इसमें वह अपने घर से निकलकर किसी गैर के घर जाती है. वहां वह गैरों को इस तरह अपना लेती है कि उन्हें अपने पराये का ख्याल भी नहीं आता.
दोस्तों इस तरह का जवाब जिस मुबारक जुबान से निकलेगा वह वाकई सदगुरू होगा. हमारा मालिक होगा. हताशा के दौर में उम्मीद के चराग रौशन करेगा. मुरादों की सूखती हुई कलियों को सरसब्ज करेगा. पर हमें इसके पहले यह समझ लेना चाहिए कि यह सब कुछ इतना आसान नहीं है, जितना कि दिखता है या पढऩे में लगता है. इन सबको जीवन में उतार पाना काफी मुश्किलों से भरा होता है. किसी ने कहा है कि यह बज्म ए इश्क है, वफा की महफिल है, यहां चिराग नहीं दिल जलाये जाते हैं. इसलिए आग के इस दरिया में उतरने से पहले दिल को मजबूत किये जाने की जरूरत होती है. आइये आज हम सब भी अपने आराध्य से मजहबे इश्क की राह में अपने लिए दिल की मजबूती, यकीन और यकदा को कायम रखने की ताकत, श्रद्धा और भक्ति के साथ सब्र देने की गुहार करें. मालिक हम सबकी मुरादों को पूरा करें.
आमीन.

Saturday, March 20, 2010


बहन के

नाम एक

भाई की पाती
बहन के नाम लिखा गया यह एक भाई का खत है. मजमून पढ़ा तो समझ में आया कि खालिस इश्क के मायने क्या है. एक एक जुमला मोहब्बत की चाशनी में लपेटा हुआ. पढऩे से समझ में आया कि रिश्तों की कोई जात नहीं होती. इसमें कोई छोटा या बड़ा नहीं होता. अगर कुछ होता है तो वह है सिर्फ अदब और आदाब. इस लेटर को हूबहू पोस्ट कर रहा हूं. अच्छा लगे तो कमेंट जरूर करिएगा....

आदरणीय सना बाजी
सलाम

बज्जो कैसा अजीब सा लगता है कि आज आप की निकाह क्या हो रही है कि आप मेरी बज्जो से बाजी बन बैठीं. यकीन ही नहीं हो रहा है कि हमारी बज्जो इतनी बड़ी हो गयी है कि वह निकाह कूबूल कर रुखसती को तैयार हो जाए. मेरे लिए यह एक अजीब सी खुशी और गम का पल है. खुशी इस लिए की आज हमारी बहना निकाह लायक हो गयी और गम इस लिए की रुखसती के बाद वह एक ऐसे शहर में रहेगी जो हमारे चक्रमण के रूट में नहीं आता. अब तक हमारे नक्शे में राजस्थान में सिर्फ ख्वाजा गरीब नवाज के शहर अजमेर का नाम ही दर्ज था, पर अब कहना पड़ेगा की हमारे तालुकात जोधपुर से भी हैं. बहरहाल बज्जो मुझे आज अपने बचपन के एक-एक लम्हे की याद आ रही है. कैसे हम लोग ईद-बकरीद, होली-दीवाली, रजब की दसवीं तारीख और गणपति के दिन एक ही दस्तरख्वान पर खाना खाते थे. रमजान के पाक महीने में अफ्तार करते थे. इस अफ्तारी का हमें अर्से से इंतजार रहता था. याद है उस दिन हम लोग रोजा भी रखते थे. बज्जो मुझे वह सब आज भी याद है कि पापा की डे ड्यूटी के वक्त शनिवार के दिन मैं कैसे आपके और भाई के साथ दिन गुजारता था. लक्ष्मी पार्क बिङ्क्षल्डग के पीछे पहाड़ी पर खेलने जाना, साइकिल चलाना, क्रिकेट खेलना सब कल की बात लगती है. आप लोगों की और मेरी साइकिल की खरीद के वक्त हमने कैसे इडली खायी थी. आपको शायद याद होगा कि सेन्ट एलॉयशिस में हम कैसे साथ में स्कूल जाते थे. इसके बाद जॉन ट्वेंटी थर्ड में मेरे और भाई के एडमीशन के बाद पापा और फूफाजी ने कितनी तरकीबें लगाकर आप का एडमीशन कराया था. सिस्टर रेबेका के सामने आपका किया ड्रामा पापा को आज भी याद है. हो सकता है किसी के लिए यह सब बीता हुआ कल लगे पर हमें तो आज तक अपने साथ लगातार चल रहा एक ऐसा सिनेमा लगता है जिसका कोई इन्टरवेल या दी एण्ड नहीं होता. सिनेमा के नाम पर वसई जा कर जुरासिक पार्क देखना हम कभी न भूल सके . बज्जो कैसे बताऊं कि हमें बनारस लौट आये एक अर्सा बीत चुका है पर मेरे दिल में आपकी और मोहतरम भाई की पैठ आज भी वैसी ही गहरी बनी हुई है. किसी बात पर भाई का गुस्साना फिर बाद में आपका उनको समझाना आज जब भी याद करता हूं तो मेरे दिल में गर्व का भाव आता है कि सना हसनैन मेरी आपा है. आपको शायद यकीन न हो की मेरी बातें सुन-सुन कर सृष्टिï भी आपके प्रति एक अदब का जज्बा रखती है. मेरा मानना है कि यह सब मौला का करम है कि हम सब ने एक ऐसी परवरिश पायी जहां नफरत के लिए कोई जगह नहीं है. मिर्जा और गोकर्ण परिवार के बीच रिश्तों की जो डोर बंधी है वह सिर्फ और सिर्फ मोहब्बत के ताने से बुनी हुई है. हमारे रिश्तों का आधार वो संस्कार है जो हमें अपने बुजुर्गों से मिले. मंत्रों के साथ हमारा दोआ पढऩा, जनेऊ के साथ ताबीज पहनना, तस्बीह फेरना और नमाज के बाद गणपति बप्पा के जुलूस में शिरकत करना हमें लाखों-करोड़ों दुनियावी लोगों की भीड़ से अलग करता है. हो सकता है की हमारे विचारों को सुन कर लोग हमें मजहबी कहने की चूक कर बैठें, पर यकीन मानो हमारी यह अकीदत रूहानियत से ताल्लुकात रखती है. और यह हमें ता जिन्दगी गुमराह होने से रोकेगी.बज्जो मौला के प्रति अकीदत का यह भाव हमें सी-201 से मिला जिसे हमारे पीर साहब ने परवान चढ़ाया. तुम्हें मैं कैसे यह बताऊं की आज दीवानगी के जिस आलम में मैं और मेरा परिवार जी रहा है (जिस पर हमें गुरुर है) वह सब पूज्य दद्दा, फूफाजी और बुआजी की ही देन है. बहरहाल बज्जो आज जब आप निकाह कुबूल फरमाने जा रही हैं तो आपसे यह गुजारिश है कि आप दूल्हे भाई मुस्तफा जैदी साहब को हम सब के बारे में बताइएगा. आप उन्हें यह बताइएगा की मेरे और आप के परिवार के दरम्यान यह जो रिश्ता है वह मौला-ए-कायनात की तरफ से हमें दिया गया एक अजीम तोहफा है, जिस पर हम रश्क करते हैं. उन्हें वो वाकयात बताइएगा जिसने इस रिश्ते को परवान चढ़ाया. आप कोशिश करीयेगा की वर्दी वाले हमारे दूल्हे भाई हमारे ही रंग में इतने ढल जाएं की हम जब भी उनसे मिलें तो इस बात का अहसास तक न हो की हम पहले कभी मिले ही नहीं. वैसे मुझे इस बात का इलहाम है कि हमारे मुस्तफा भाई भी हम जैसे ही होंगे तभी उन्होंने हमारी आपा को पसन्द किया. अब आपसे एक और गुजारिश है कि आप जल्द से जल्द बनारस आने का प्रोग्राम बनाएं. हमारे गरीब खाने का हर मेम्बर आपके इस्तेइकबाल को बेताब है. अब जरा अपने प्यारे मोहम्मद भाई को भी पूछ लूं, वरना वह जब भी मुझसे मिलेंगे तो यही कहेंगे, अबे बज्जो के चमचे मुझे सलाम नहीं ठोकेंगा. पूज्य दद्दा, फूफाजी, बुआजी को सादर चरण स्पर्श और मेरे प्यारे भाईजान को आदाब. निकाह में शामिल न हो पाने का मुझे हमेशा मलाल रहेगा. यकीन है कि मेरी गैरहाजिरी को आप माफ करेंगी और एग्जाम के लिए मेरी हौसला आफजाई करने के वास्ते खत जरूर लिखेंगी. याद रहे की 27 दिसम्बर को मेरी बर्थ डे है. अन्त में अपनी बज्जो को एक बार फिर अदब से झुककर सलाम. मालिक हमारे परिवार की मोहब्बत को इसी तरह जन्म-जन्मांतर तक बरकरार रखे. इसी दोआ के साथ खुदा हाफिज.
आपका अनुज
चिन्मय गोकर्ण

Saturday, February 13, 2010

... के घर कब आओगे




बॉर्डर फिल्म के गाने की यह लाइन पुरानी लग रही होगी पर इस एक खबर के साथ बिल्कुल मौजूं लग रही है. वो अपने घर वापसी के लिए किससे इंस्पायर हुए यह तो हमें नहीं मालूम पर वे वतन वापसी के लिए अपना सामान समेट रहे हैं. जनाब हम बात कर रहे हैं ब्रिटेन में काम कर रहे भारतीय मूल के 25 हजार डॉक्टर्स की. अगर हम भारत यात्रा पर आये 'ब्रिटिश एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन्स ऑफ इंडियन ओरिजिनÓ के प्रेसिडेंट डॉ. रमेश मेहता का यकीन करें तो यूके में काम कर रहे भारतीय मूल के डॉक्टर्स मुल्क वापसी की तैयारी में है. इस वापसी की वजह कोई रिसेशन या छंटनी नहीं है सर. देशभक्ति के जज्बे के तहत वे घर लौटना चाहते हैं. सर्दी के इस सुस्त मौसम में यह एक अच्छी खबर है न? हमारे भी यही खयालात हैं. इसमें अच्छी बात क्या है जानते हैं? ये सारे डॉक्टर्स इंग्लैंड के हाई फाई हॉस्पिटल्स में काम कर रहे हैं या ट्रेनिंग पा रहे हैं. इन्हें भारत के देहाती इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं की दुर्दशा की खबरें हमेशा सालती रही. ऐसे में इन्होंने एक दिन एसोसिएशन के थ्रू इंडियन हेल्थ मिनिस्ट्री से सम्पर्क किया. वहां से पॉजिटिव रिस्पांस मिलते ही अब ये स्वदेश वापसी की तैयारी में हैं.हम जानते हैं कि इतने सारे डॉक्टर्स की वापसी के बावजूद भारत के बीमार स्वास्थ्य विभाग की सेहत तुरंत सुधरने वाली नहीं है. बावजूदन इसके कहा जा सकता है कि जहां कहीं भी ये डॉक्टर्स इम्प्लायड होंगे वहां आबादी के एक बड़े हिस्से को इसका एडवांटेज तो मिलेगा ही. इस खबर का सबसे दिलचस्प पक्ष यह है कि घर वापसी की चाहत रखने वाले डॉक्टर्स में 15 हजार यूथ है. यह सोने में सोहागा जैसी बात होगी. ऐसे में हम क्या इन डॉक्टर्स से सब जानना चाह रहे होंगे कि घर कब आओगे? है न?

Friday, February 12, 2010

चश्मे मस्ते, अजबे ...


महीने भर से डाट कर पहनी जर्सी को झाड़ते हुए दीक्षित जी कुछ गुनगुना रहे थे. मैंने कान लगा कर सुनने की कोशिश की तो ऐनक को नाक पर उपर सरकाते हुए पूछ बैठे. क्यों बरखुरदार आयी बात कुछ समझ में? नहीं ना? अमां ये इश्क है ही ऐसी चीज जो किसी के पल्ले पड़ती वड़ती नहीं है. बस यूं समझो ठग्गू के लड्डू की तरह. जो खाये वो पछताये और जो ना खाये वो पछताये. मैं भी सोचने लगा यार, ये बात तो कर रहे मोहब्बत की फिर इसमें लड्डू क्या घालमेल. चलो होगा कुछ. ये जिस जमाने के हैं उस वक्त की मोहब्बत में आज जैसा लावण्य नहीं हुआ करता होगा. मैं सोचा जा रहा था और वो थे कि खालिस इंग्लिश में भारी भरकम डायलॉग्स दाग रहे थे. यू नो दिस इस अ सूफी कलाम. 'चश्मे मस्ते, अजबे गुल-ए- तराशा कर दीÓ. इस परशियन कलाम में आशिक इश्क में इस कदर डूबा हुआ है कि उसे यह जहान मस्ती का चश्मा यानि झरना नजर आता है. यार, ये आज के लोग समझते हैं कि अफेक्शन कोई मॉडर्न एरा की चीज है. अब मैं इन्हें कैसे समझाऊं कि ये लव का जो डेफिनेशन आज तुम दे रहे हो वो हकीकत नहीं है.देर तक भाषण सुनते हुए मैं भी बोर हो चला था. इंटरप्ट कर बैठा. सर, दिक्कत क्या है? फिर क्या था, सारी भड़ास बलबला कर बाहर आ गयी. मेरे भाई, मेरा इकलौता बेटा है. नाम मैंने उसका सागर इस लिए धरा कि वो दरियादिल बने. पर जानते हो वो अपना दिल ही बांटता फिर रहा है. आज वो इंस्टीट्यूट से लौटते हुए एक नयी कन्या के साथ आया. पूछ लिया तो बताया कि वो उसकी गर्ल फ्रेंड है इस बार का वेलेंटाइन उसने इसके साथ फिक्स कर रखा है. उस कन्या को मैंने नयी इस लिए कहा क्योंकि वो इस साल की उसकी सातवीं गर्ल फ्रेंड है. यार अब तुम्ही बताओ कि मोहब्बत के देवता, क्या नाम है उनका, हां वो संत वेलेंटाइन को पूजने का यही तरीका है? किसी अनवांटेड काइंड की तरह हर दो महीने बाद दोस्त बदल दो? जब तक साथ है उसे गिफ्ट दो, प्रपोज करो, इधर उधर टहला घूमा दो और उसके बाद कुट्टी कर लो. फिर उसे जिंदगी से ऐसा बेदखल करो कि उससे जुड़ी कोई याद बाकी न रह जाए और फिर ले आओ दूसरी या दूसरा फ्रेंड. नहीं, नहीं ये अफेक्शन नहीं है. यह तो 'यूज एंड था्रेÓ है. दीक्षित जब बोलते हैं तो किसी दूसरे की सुनते नहीं हैं.हां, ये सब होगा अंग्रेजों के यहां. हम उनके जज्बात की तारीफ करते हैं लेकिन हम तो इस मोहब्बत को अपनी चाशनी में लपेट कर महसूस करने के आदी हैं. कैसे कहूं कि ये इश्क खालिस रूहानी चीज है. वो उस ऑल माइटी का दिया सबसे नायाब तोहफा है जो इस दुनिया को चलाता है. इसमें जिस्म कोई वजूद नहीं होता. यह तो दो रूहों की अंडर स्टैंडिंग है. नजीर देखना हो तो हजरत निजामुद्दीन औलिया और हजरत अमीर खुसरो की बेपनाह मोहब्बत को देखो. एकदम आसमान से उतरी हुई. एक रवानगी थी, अदब था और यकीनन था जिंदगी भर साथ निभाने का वादा.और अब हम कहां आ पहुंचे हैं. साल भर में सातवीं फ्रेंड. अमां, ये मुआ फरवरी का महीना तो पहले भी आता था? यह है भी कुछ अजीब सा. जाती हुई ठंड और आता हुआ फागुन. मन में मीठी सी टीस लिए इधर उधर डोलता दिल जवां होने की कुछ ज्यादा ही फीलिंग्स देता है. दूसरों की छोड़ो गौर करो तो अपनी ही बॉडी लैंग्वेज बदली बदली सी दिखायी देने लगती है. वो क्या कहते हो तुम लोग 'एक्स फैक्टरÓ और 'केमेस्ट्रीÓ जैसे सिर चढ़ कर बोलने लगती है. अचानक कनखी दबा कर उनका यह कहना गुदगुदा गया, देखो पंडित जी, ऐसा नहीं कि यह सब मुझे अच्छा नहीं लगता. हमें भी यह सब पसंद है. हम तो आज भी अपनी स्लिम ट्रिम को घुमाना चाहते हैं लेकिन क्या कहें यह हमारी कृशकाया गऊ जब देखो तब बीमार ही रहती है. घूमने का प्रपोजल रखो तो कह देगी भक! सामने खड़े ये कहते हुए दीक्षित जी खुद ऐसे लजा रहे थे जैसे छुई मुई हों. दीक्षित जी बोले चले जा रहे थे और मैं चार्वाक को फेल करती उनकी फिलॉसफी में गहरे और गहरे डूबता चला जा रहा था. कॉन्शस को सब कॉन्शस समझाने में लगा था, देखो दरअसल लव अफेक्शन के प्रति यह सोच किसी अकेले दीक्षित जी की नहीं है. यह फिलॉस्फी एक पूरी जेनरेशन की है. वो आज के यूथ से अलहदा सोच नहीं रखती. उनके मन में भी प्रेम का वही भाव है. वह परेशान है इस बदलते भाव के बेअंदाज रवैये से. वह प्रेम को किसी डे या वीक में बांधे जाने से दुखी है. इश्क तो सतत प्रवाहमान वह दरिया है जिसका कोई ओर छोर नहीं. अचानक टूटती हुई तन्द्रा में लगा कोई कुछ कह रहा है. देखा तो दीक्षित जी गुनगुना रहे थे...ऐसा जाम दे कि मुझे खुमार आ जाए.ऐसा जाम दे कि मुझे खुमार आ जाए.मैं यार की मस्त आंखों का आशिक हूं.मैं यार की मस्त आंखों का आशिक हूं.दे दे ऐसा जाम के मुझे खुमार आ जाए.तेरी आंखें जिनसे बाग-ए-खुतन में रौनक है.तेरा चेहरा जिससे चमन के गुलाब में रौनक है.फूल सा चेहरा जिससे पत्ता पत्ता महकता है, यार का वतन लालजार है.ऐसी मोहब्बत को सलाम करने का जी चाहता है. है ना?

Thursday, February 11, 2010

उफ ! ये नफरत...

असंतोष या विचारों में फर्क होना एक अलग चीज है लेकिन यह फर्क राह भटक कर अपराध की अंधेरी सुरंग की तरफ बढऩे लगे तो उसे किसी भी हालत में सही करार नहीं दिया जा सकता. चर्चित रुचिका केस के एक्यूस्ड एसपीएस राठौड़ को चाकू मारे जाने का मामला ऐसी ही कुछ बयान करने लगा है. राठौड़ को चाकू मारने वाला उत्सव शर्मा कोई जनरल स्टूडेंट या यूथ नहीं है. वो बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ फाइन आट्र्स का गोल्ड मेडलिस्ट बंदा है. घटनाक्रम के सिलसिले में फिलहाल जो बातें सामने आ रही हैं उससे पता चलता है कि सिस्टम के खिलाफ उसके मन में एक असंतोष था. इन सबके चलते वह थोड़ा उग्र या कह सकते हैं कि विद्रोही हो गया था. उसके सब कॉन्शस में लगातार द्वन्द चलता रहता था. इस कशमकश ने आज उसे एक ऐसे दलदल में पहुंचा दिया जिससे उबर पाना शायद नामुमकिन है.एक टैलेंटेड यूथ के इस अंजाम पर पहुंचने के लिए जिम्मेदार कौन है, यह एक लम्बी बहस का मुद्दा है. लेकिन हम अपने आसपास दिख रहे कई उत्सव शर्माओं का क्या करें जो सोसाइटी से अपने सवालों का जवाब चाहते हैं. क्राइम, करप्शन, सैबोटाज और कॉन्सपरेंसी के चौगुटे से नफरत रखने वाले ये उत्सव कोर्ट के लचीले रवैये से भी खासे नाराज हैं. इनकी नाराजगी स्वाभाविक है. तारीखों में उलझी कोर्ट और वहां से बरी होकर निकलते आरोपी. आरोपियों की विद्रुप मुस्कान उनके विद्रोही मन की आग को हवा देने का काम करती है. कहने का मतलब अपराध की कोख एक और अपराध को जन्म देने का काम करती है. तो क्या ऐसा नहीं हो सकता कि हम अपराध के इस स्रोत का मुंह ही बंद कर दें. इन्हें पनपाने वाले तमाम कारणों का ही खात्मा कर दें. अपने कानून पर भरोसा करें. बगावत की टेंडेंसी वाले लोगों को समझायें कि भइया धीरज रखो. हम जानते हैं कि यह सब इतना आसान नहीं है. लेकिन हमें यह भी यकीन है कि इस दिशा में की गयी एक पहल कई उत्सव शर्माओं को राह भटकने से रोकेगी.

हां, हमें मोहब्बत है

हेडिंग पढ़के हो गये ना परेशान? नहीं भई, किसी के साथ अफेयर वह भी इस उम्र में? तौबा-तौबा. अरे मैं अभी जिंदा रहना चाहता हूं यार. लेकिन आज आपको बताऊं, पिछले दो-चार दिनों से इस एक सेंटेंस ने मुझे अंदर से जैसे मथ डाला है. अलसुबह अखबार पढ़ते हुए एक हेडिंग पर जाकर जैसे मेरी निगाह टिक गयी. लिखा था - हां, मुझे उससे मोहब्बत है. इश्क का यह एकसेप्टेंस फ्रिडा पिंटो की तरफ से था. उसने यह कह तो दिया लेकिन उसमें एक झिझक थी. हां, देव पटेल मेरे सपनों का राजकुमार है और मैं उससे बेपनाह मोहब्बत करती हूं. इस खबर ने मुझे बॉलीवुड की किसी फिल्म की तरह फ्लैशबैक में पहुंचा दिया. देर तक एक ही खबर पर अटके देख पत्नी ने पूछ ही लिया क्या बात है तबियत तो ठीक है? मैंने भी अखबार दिखाते हुए गौतम बुद्ध के शिष्य आनंद के अंदाज में सवाल दाग दिया, इतनी देर कर दी रहनुमा आते आते?पत्नी भी कम नहीं, उसने तुरंत तथागत का चोला ओढ़ते हुए कहा जानते हो वत्स इसकी असली वजह है संकोच. यह देव पटेल और फ्रिडा पिंटो की ही नहीं इस पूरे इंडियन सब कॉन्टीनेंट की यूनिवर्सल प्रॉब्लम है. यहां का जीव बेहद संकोची होता है. वह वेस्टर्नाइज चीजें पसंद करता है. उसके हावभाव अपनाता है. स्टाइल मारने में भी वह भी किसी ब्रिटिश या अमेरिकन को कॉपी करता है लेकिन एक चीज है जो उसे सबसे अलग रखती है और वो है पर्देदारी. पत्नी एक्स्टएम्पोर बोले जा रही थी और मैं योग्य शिष्य की तरह सुने जा रहा था. जानते हो यह पर्देदारी काहे की है. इसमें एक हया है, एक लिहाज है, और है एक अदब. किसी जिज्ञासु की तरह मैंने फिर एक सवाल दाग दिया. तो क्या उन्हें इसके पहले इश्क नहीं था? अगर था तो वो इतने लम्बे समय तक क्यों छिपाये रहे? देखो यह हमारे संस्कारों में नहीं है. ह्यूमन साइको के बेस पर हम कह सकते हैं कि देव और फ्रिडा के बीच पहली नजर में ही प्यार हो गया था. ब्रिटेन में पलने बढऩे से हर कोई अंग्रेज थोड़े हो जाता है. शायद यही वजह है कि देव और फ्रिडा ने इश्क के इस अहसास को भरपूर महसूस किया उसकी सोंधी खुशबू को गमकाया और तब जाकर कहा, हां हमें मोहब्बत है. अब तुम्ही सोचो न यह कोई आमिर खान और उर्मिला मातोंडकर की मुम्बइया फिल्म 'रंगीलाÓ की कहानी तो है नहीं जो 70 एमएम पर देखे और फिर भूल गए. यह रियल लाइफ की स्टोरी है. इसमें जो कहा जाता है उसके बहुत मायने होते हैं. इसके अलावा यह सेलेब्रेटी लोगों की दुनिया है यहां बात का बतंगड़ बनते देर नहीं लगती. ऐसा क्यों है? देखो यह जो इश्क है ना, वह स्प्रिचुअल चीज है. यह आम दुनियावी लोगों के पल्ले नहीं पड़ती. इसीलिए देखते होगे एक दूसरे को चाहने वाले दो जवां दिलों के ढेर सारे विरोधी होते हैं. कह सकते हो कि जिसने इश्क की तासीर को महसूस किया वो इस दुनिया के काबिल नहीं रहता. वह अपनी ही दुनिया में डूबता उतराता रहता है. अब तुम फिर सोच रहे होगे कि यार इतनी सी बात को कहने में इत्ती देर. दोस्त इसकी वजह भी हमारा हिन्दुस्तानी संस्कार है. यहां किसी से अफेक्शन कंसीव करना आसान है पर उसे एक्सप्रेस करना बेहद मुश्किल. इसमें बहुत सी बातें हैं जो रोड़े अटकाती हैं.एक और खासियत हम हिन्दुस्तानियों की है. हमारे मन में लेडीज के प्रति एक अलग जज्बा है और एक खास अदब है. यह अदब और जज्बे का भाव ही हमें किसी से अपने अफेक्शन का ऐलान करने से रोकता है. यह अदब अपोजिट सेक्स से रिश्ते को एक गरिमा देता है. तमाम शिकवा शिकायतों के बावजूद एक इंडियन कपल रिश्तों की डोर को टूटने से हर हाल में बचाता है. वह अपने मसलहतों को बेदर्द कानून के दायरे के बजाय आपस में मान मनुहार से सुलझाने में ज्यादा भरोसा करता है. यही सारी वजहें है जो भारतीय जोड़ा अपनी मैरिज की गोल्डन एनिवर्सरी मनाता है जबकि वेस्टर्न कंट्री का बाशिंदा अपने पार्टनर के नम्बर गिनने में ही जिंदगी काटता है.पत्नी चुप होने का नाम ही नहीं ले रही थी और मैं अपने ही ख्यालों में गहरे और ज्यादा गहरे डूबता चला जा रहा था. उठे हुए हाथ सलाम किये जा रहे थे, भारतीय संस्कारों को, शर्मो हया को, लिहाज को और अदब को. अचानक जैसे एक सपना टूटा और ये आवाज आयी ऐ मोहब्बत तू जिंदाबाद.